October 25, 2026

Spasht Bharat

न्यूज़ पोर्टल

कैब से सप्लाई कर रहे थे प्रतिबंधित दवाइयां; तीन लोग गिरफ्तार

देहरादून: कैब से प्रतिबंधित कैप्सूल व टेबलेट सप्लाई करने वाले तीन आरोपितों को क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 95 हजार रुपये नकदी भी बरामद की गई है। आरोपित छुटमुलपुर सहारनपुर से प्रतिबंधित कैप्सूल व टेबलेट लाकर देहरादून के शिक्षण संस्थानों में सप्लाई करते थे। तीनों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी अंतरराज्यीय, अंतरजनपदीय सीमाओं और आंतरिक बैरियरों पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

क्लेमेनटाउन थाना पुलिस आशारोड़ी बैरियर पर वाहनों की चेकिंग की रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक कैब को रोककर चेकिंग की गई तो उसमें से 384 प्रतिबंधित कैप्सूल और 390 टेबलेट बरामद हुए। चेकिंग के दौरान कार की डेशबाेर्ड से 90 हजार रुपये नकदी भी बरामद हुई।

छुटमलपुर सहारनपुर से लेकर आते हैं कैप्सूल व टेबलेट

पुलिस ने घटनास्थल से अकरम अली निवासी आर्केडिया ग्रांट बनियावाला गोरखपुर, पटेल नगर, आमिर खान निवासी मरकाम ग्रांट तेलीवाला, डोईवाला और शौकीन निवासी आर्केडिया ग्रांट बनियावाला पटेलनगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह कैप्सूल व टेबलेट छुटमलपुर सहारनपुर से लेकर आते हैं और देहरादून के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों को बेचते हैं। नकदी के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि कैप्सूल व टेबलेट बेचकर उन्हें नकदी मिली थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि वाहन अकरम अली की मां के नाम पर है और कैब के नाम पर तीनों आरोपित वाहन में घूमते हैं और नशा सप्लाई करते हैं। पुलिस आरोपितों का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।